Badaun News : पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने बाबा साहब की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि


Badaun News : बदायूं में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री आबिद रज़ा ने नेकपुर स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने देश के प्रति बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा मसीहा बताया।

जयंती के अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने दो अलग-अलग स्थानों पर बाबा साहब को नमन किया। नेकपुर पार्क के बाद उन्होंने जिला अस्पताल के समीप स्थित अंबेडकर पार्क का दौरा किया, जहाँ उन्होंने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए आबिद रज़ा ने कहा, आज का दिन केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए गौरवशाली है। बाबा साहब एक ऐसी महान शख्सियत थे जिन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को अधिकार दिलाए। उन्होंने संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित संविधान ही वह कवच है, जो देश के गरीब, मजदूर, दलित, अल्पसंख्यक और शोषित वर्गों को न्याय और सुरक्षा की गारंटी देता है। उन्होंने आगे कहा कि आज देशवासियों को जिस समानता और गरिमा का अनुभव होता है, वह बाबा साहब के कड़े संघर्षों और उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनके विचार आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहब के जयकारों के साथ उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ